ईरान ने 58 साल बाद आईएमएफ से 37 हजार करोड़ रु का कर्ज मांगा, यहां एक ही दिन में 75 की मौत

चीन के वुहान शहर से फैले कोरोनावायरस की चपेट में अब दुनिया के 111 से अधिक देश आ चुके हैं। इसके चलते 24 घंटे के अंदर 141 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 4757 हो गई है। एक लाख 30 हजार 341 लोग अभी संक्रमित हैं।  उधर, चीन और इटली के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित ईरान ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से 37 हजार करोड़ रु. (5 बिलियन डॉलर) कर्ज मांगा है। ईरान में संक्रमण से एक दिन में 75 लोग मारे गए हैं। देश में मौतों का आंकड़ा 429 हो गया है। यहां 10 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं।



  • मालदीव ने गुरुवार को कोरोनावायरस को हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया। विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने कहा- भारत हमारी मदद के लिए मेडिकल विशेषज्ञों की टीम और दवाएं भेजेगा। भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह जरूरत में काम आने वाला सच्चा दोस्त है। 

  • कोरोनावायरस के चलते रूसी-यूरोपीय मंगल मिशन पर 2022 तक रोक लगा दी गई है। देश में कोरोनावायरस से 20 लोग संक्रमित हैं।


  • न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, थाईलैंड में अब तक 59 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि यहां एक युवक की मौत हो चुकी है।




  • स्थानीय मीडिया के मुताबिक, पोलैंड में 57 साल की महिला की गुरुवार को संक्रमण से मौत हो गई। यह देश में पहला मामला है। सरकार ने सभी स्कूल, यूनिवर्सिटी और सिनेमा थियेटर 14 दिनों के लिए बंद कर दिए हैं। 




एशिया में कोरोनावायरस


भारत में पहली मौत, 35 दिनों के लिए सभी वीजा रद्द


भारत में गुरुवार को कोरोना से मौत का पहला मामला सामने आया है। यहां अब तक संक्रमण के 77 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। सरकार ने कोरोनावायरस को लेकर नए निर्देश जारी कर दिए हैं। बुधवार को जारी आदेश के मुताबिक, 13 मार्च को शाम 5.30 बजे (12 जीएमटी) से अगले 35 दिन के लिए दुनिया के किसी भी देश के हर व्यक्ति के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। सिर्फ डिप्लोमैटिक और एम्प्लॉयमेंट वीजा को छूट दी गई है। सरकार ने साफतौर पर कहा है कि अगर जरूरी न हो तो भारतीयों को विदेशों में जाने से बचना चाहिए। भारत में रह रहे सभी विदेशियों के वीजा वैध बने रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संक्रमण के मद्देनजर आने वाले दिनों में केंद्रीय मंत्रियों के विदेशों दौरे पर रोक लगा दी है।
 


चीन में बुधवार को 15 नए मामले


चीन के हेल्थ कमीशन के मुताबिक, देश में लगातार कोरोना के मामलों में कमी देखी जा रही है। पहली बार वुहान में संक्रमण का मामला सिंगल डिजिट तक पहुंच गया। बुधवार को यहां केवल 8 नए मामले दर्ज किए गए हैं। देश में बुधवार को 15 नए मामले सामने आए और 11 लोगों की मौत हुई। यहां अब तक संक्रमण के 80,793 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जबकि 3,172 लोगों की मौत हो चुकी है। हुबेई प्रांत और वुहान में लगभग 5 करोड़ लोग अभी भी लॉकडाउन हैं।



शंघाई के टोंगजी यूनिवर्सिटी में चीनी नेता माओत्से तुंग की प्रतिमा के सामने मास्के पहने सुरक्षाकर्मी।


ताइवान में आज 49वां मामला सामने आया
ताइवान के सेंट्रल एपेडमिक कमांड सेंटर (सीईसीसी) ने गुरुवार को घोषणा की कि आयरलैंड और बेल्जियम से लौटी एक महिला में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। यह देश में 49वां मामला है। ताइवान ने 10 और 11 मार्च को अपने 361 नागरिकों को वुहान से निकाला था। न्यूयॉर्ट टाइम्स के मुताबिक, यहां एक युवक की मौत हुई है।



ताइवान के लुंगशान मंदिर में मास्क पहनकर प्रार्थना करते लोग।


जापान में कोरोनावायरस से 1316 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 696 लोग डायमंड प्रिंसेज क्रूज पर संक्रमित हुए थे। न्यूज चैनल एनएचके के मुताबिक, यहां अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को 475 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली है।



जापान के प्रधानमंत्री शिंजे आबे और टोक्यो गवर्नर युरिको कोइके एक-दूसरे का अभिवादन करते।


द.कोरिया में 24 घंटे में 114 नए मामले
कोरिया सेंटर्स फॉर डिजिज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार, 24 घंटे में यहां संक्रमण के 114 नए मामले सामने आए हैं, जबकि पांच लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक 7,869 मामलों की पुष्टि हुई है और 66 लोगों ने जान गवाईं हैं। वहीं, अब तक 333 लोग ठीक हो चुके हैं। द.कोरिया ने देश में अपने चार स्तरीय वायरस ‘रेड लेवल’ की चेतावनी जारी की हुई है। यहां का सबसे ज्यादा प्रभावित शहर डेगू है, जहां संक्रमण के 5,867 मामले हैं।



कोरोनोवायरस प्रकोप के बाद खाली बैंकॉक का सुवर्णभूमि हवाईअड्डा।


यूरोप में कोरोना की स्थिति


इटली में 827 लोगों की मौत
यूरोपीय देशों में सबसे ज्यादा प्रभावित देश इटली है। यहां 12,462 लोग संक्रमित हैं और 827 लोगों की मौत हो चुकी है। इटली के प्रधानमंत्री गिउसेप कोंटे ने देश के सभी दुकानों, कॉफी बार, पब, रेस्तरां और ब्यूटी सैलून को बंद करने की घोषणा की है। हालांकि, मेडिकल स्टोर और फूड शॉप खुली रहेंगी। साथ ही प्राइवेट सेक्टर के कर्मचारियों को छुट्टी लेने या घर से काम करने की अपील की है। सरकार ने पूरे देश को मंगलवार को लॉकडाउन कर दिया। इसके बाद देश के करीब 6 करोड़ लोग अपने घरों में बंद हैं। लोगों के बिना कारण घर से निकलने पर रोक है।



इटली में लॉकडाउन के बाद विरान मिलान शहर। 


फ्रांस ने नागरिकों को भारत की यात्रा से बचने की सलाह दी


यूरोप में इटली के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित देश फ्रांस है। मंगलवार को फ्रांस के संस्कृति मंत्री फ्रैंक रिस्टर और पांच सांसद की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। फ्रांस24 के मुताबिक, देश में कोरोनावायरस से मरने वाली की संख्या 48 हो गई है। जबकि संक्रमण के 2281 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। यहां मंगलवार को 497 नए मामले दर्ज किए गए। सरकार ने रविवार को लोगों से भीड़ न जुटाने की अपील की। फ्रांस के वाणिज्य दूतावास ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा से बचने की सलाह दी है।



यूरोप में इटली के बाद सबसे ज्यादा प्रभावित देश फ्रांस।


स्पेन की मंत्री कोरोनावायरस से संक्रमित


स्पेन की मंत्री इरेन मोंटेरो भी कोरोना की चपेट में आ गई है। सरकार ने गुरुवार को बताया कि इक्वैलिटी मिनिस्टर मोंटेरो कोरोनावायरस संक्रमण की जांच में पॉजिटिव पाई गई हैं। मोंटेरो को उनके एक साथी, उपप्रधानंत्री कार्मेन काल्वो और पॉडेमस पार्टी के नेता पैबलो इग्लेसियास के साथ क्वारैंटाइन में रखा गया है। इसके बाद सरकार के सभी मंत्रियों से कोरोनावायरस की जांच कराने के लिए कहा गया है। अभी तक स्पेन में 2,200 लोगों में कोरोनावायरस संक्रमण होने की पुष्टि हुई है और 55 लोगों की मौत हो चुकी है।



स्पेन की मंत्री इरेन मोंटेरो।


अमेरिका के 43 राज्य कोरोना की चपेट में


सीएनएन के मुताबिक, अमेरिका में संक्रमण का सबसे पहला मामला वॉशिंगटन में सामने आया था। यहां 43 राज्यों में अब तक 1258 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और 38 लोगों की जान गई है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को यूरोप पर अगले 30 दिन के लिए ट्रैवल बैन लगा दिया है। यानी यूरोप के देशों से कोई भी यात्री एक महीने तक अमेरिका नहीं जा सकेगा। हालांकि, प्रतिबंध से यूके को छूट दी गई है। ट्रम्प ने कहा, ‘‘यूरोपीय यूनियन (ईयू) कोरोनावायरस से प्रभावित चीन समेत अन्य देशों पर यात्रा संबंधी कोई भी प्रतिबंध लगाने में नाकाम रहा है। हम यूरोप से आने वाली सभी फ्लाइट्स पर 30 दिन का बैन लगा रहे हैं। यूके पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।’’


अमेरिका के सबसे ज्यादा प्रभावित 10 राज्य

































































राज्यसंक्रमणमौत
वॉशिंगटन37330
न्यूयॉर्क2160
कैलिफोर्निया1334
मैसाच्युसेट्स950
कोलोराडो330
जॉर्जिया310
फ्लोरिडा262
इलिनॉय250
न्यू जर्सी231
टेक्सास210
साउथ डकोटा81

टॉम हैंक्स और उनकी पत्नी रीटा विल्सन संक्रमित


हॉलीवुड अभिनेता टॉम हैंक्स ऑस्ट्रेलिया में मशहूर अमेरिकी गायक एल्विस प्रेस्ले पर बन रही फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। उनका कोरोनावायरस का टेस्ट पॉजिटिव आया।